Adityapur: नेपाल में फैली हिंसा और सोशल मीडिया ऐप्स पर लगे प्रतिबंध को लेकर वहां तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। इस मसले पर मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। वे आदित्यपुर नगर निगम के निवर्तमान डिप्टी मेयर अमित सिंह बॉबी के आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
ये भी पढ़े:- Adityapur:आदित्यपुर नगर निगम निवर्तमान डिप्टी मेयर अमित सिंह की सास का निधन, 86 वर्ष में ली अंतिम सांस

अर्जुन मुंडा ने कहा कि नेपाल भारत का पड़ोसी देश है और दोनों देशों के बीच हमेशा से ही सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नेपाल में भड़की हिंसा भारत के लिए भी चिंता का विषय है। इस पर भारत सरकार भी लगातार नजर बनाए हुए है और हालात पर निगरानी रख रही है।उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध हमेशा भरोसेमंद और घनिष्ठ रहे हैं। भारत ने हमेशा नेपाल का साथ दिया है और नेपाल ने भी भारत पर विश्वास जताया है। लेकिन कुछ ऐसे तत्व हैं, जो दोनों देशों के रिश्तों को खराब करने की कोशिश करते रहते हैं। ऐसे हालात में दोनों देशों की सरकारों को सतर्क रहना होगा।
अर्जुन मुंडा ने विश्वास जताया कि नेपाल सरकार मौजूदा हिंसा और तनाव की स्थिति से जल्द ही निपट लेगी। उन्होंने कहा कि भारत की ओर से भी नेपाल पर निगरानी रखी जा रही है ताकि हालात और न बिगड़ें।नेपाल में जारी हिंसा को लेकर जहां वहां की सरकार समाधान की दिशा में प्रयास कर रही है, वहीं भारत भी अपने पड़ोसी देश की स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है। अर्जुन मुंडा ने स्पष्ट कहा कि नेपाल और भारत के रिश्ते मजबूत हैं और इस परिस्थिति में दोनों देशों को मिलकर समाधान निकालने की जरूरत है।

स्वर्गीय लखन सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किया
कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान अर्जुन मुंडा ने निवर्तमान डिप्टी मेयर अमित सिंह बॉबी के पिता, स्वर्गीय लखन सिंह की पुण्यतिथि पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर हमें अपने समाज और संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।इस अवसर पर समाजसेवी सोनिया सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह देव, आदित्यपुर मंडल अध्यक्ष देवेश महापात्र, पूर्व वार्ड पार्षद रंजन सिंह, बोरजोराम हांसदा, कृष्ण मुरारी झा, गुरजीत सिंह, रंजन दास और घाघीडीह मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह समेत कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।