कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने किया करम महोत्सव में शिरकत
आदित्यपुर। आदित्यपुर के फुटबॉल मैदान में कुड़मी सेना टेटोमिक द्वारा आयोजित विशाल करम महोत्सव में झारखंड की लोक परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

महोत्सव की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि करम महोत्सव प्रकृति प्रेम और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद स्व. सुनील महतो ने इस परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य शुरू किया था, जिसे आज कुड़मी सेना के केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो बखूबी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज करम पर्व न केवल कुड़मी समाज तक सीमित है, बल्कि झारखंड की पहचान बन चुका है और इसे अन्य समाज के लोग भी आत्मसात कर रहे हैं।कुड़मी समाज को आदिवासी दर्जा देने की मांग पर बोलते हुए केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह कुड़मी समाज की पुरानी मांग है। लंबे समय से कुड़मी जाति अपने हक और अधिकार के लिए संघर्ष करती रही है और कांग्रेस पार्टी हमेशा इस मांग का समर्थन करती रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुड़मी सेना के केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो ने कहा कि दिवंगत सांसद सुनील महतो का सपना था कि झारखंड की परंपरा और लोकनृत्य गांव-गांव तक जीवित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि टाटा शहर की नींव हमारे पूर्वजों की भूमि पर रखी गई थी, इसलिए आज शहर के बीचोंबीच झारखंडी संस्कृति को जीवंत रखने के लिए करम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

महोत्सव में पारंपरिक नृत्य और संगीत ने लोगों का मन मोह लिया। बूढ़ी गाड़ी नाच, नाटुआ नाच, झुमूर नाच और पाँता नाच की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को झारखंडी संस्कृति की झलक कराई। इसके अलावा पोमी महंता एंड टीम ने आकर्षक झूमर गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व सांसद समन महतो, आस्तिक महतो, हरमोहन महतो, चंद्रावती महतो, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय सिंह समेत कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। वहीं, स्थानीय स्तर पर लालटू महतो, शर्मिला महतो, गुरुचरण मुखी, लक्ष्मण महतो, नारायण महतो, शारद महतो, चंदन महतो, विकास महतो, मंगल महतो, पंचानन महतो, संजय महतो, लुलु महतो और रवि महतो भी मौजूद रहे।