1

चक्रधरपुर। पश्चिम सिंहभूम जिले में सुरक्षा बलों को रविवार सुबह बड़ी सफलता मिली। गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रेलापराल जंगल में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में भाकपा (माओवादी) का कुख्यात जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन मारा गया। सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

ये भी पढ़े:-चाईबासा : सारंडा में पुलिस नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 5 नक्सली ढेर, दो गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

जानकारी के मुताबिक, सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, जिला पुलिस और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम गश्ती अभियान पर निकली थी। इसी दौरान सुबह करीब आठ बजे रेलापराल के घने जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी शुरू की, तभी माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से करीब आधे घंटे तक गोलीबारी चली। इस दौरान नक्सली जोनल कमांडर अपटन ढेर हो गया।

घटनास्थल से पुलिस ने एक इंसास रायफल, भारी मात्रा में कारतूस, माओवादी पर्चे और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त बलों को भेजा गया और पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है। पुलिस को आशंका है कि गोलीबारी के दौरान अन्य नक्सली भी घायल हुए हैं, हालांकि वे जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

अमित हांसदा उर्फ अपटन कई नक्सली घटनाओं का मास्टरमाइंड माना जाता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह चाईबासा, खूंटी और सरायकेला-खरसावां इलाके में सक्रिय था। उस पर सुरक्षाबलों पर हमले, सड़क निर्माण कार्यों में बाधा डालने और लेवी वसूली के कई मामले दर्ज थे। पिछले एक दशक से वह संगठन का अहम चेहरा बन चुका था।

पुलिस अधिकारियों ने जोनल कमांडर के मारे जाने को बड़ी उपलब्धि करार दिया है। पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपटन की मौत से नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगेगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी रहेगा और जंगल क्षेत्र से नक्सलियों का सफाया कर दिया जाएगा।

http://चाईबासा : पुलिस व नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़, पुलिस को भारी पड़ता देख भागे नक्सली

Share.
error: Content is protected !!
Exit mobile version