Jamshedpur (जमशेदपुर) : अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, राष्ट्रीय चेतना संस्थान के साथ मिलकर स्वर्णरेखा नदी स्थित गांधी घाट में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। महापर्व के बाद घाट पर जमा हुए कचरे और विसर्जित मूर्तियों की सफाई की जिम्मेदारी संगठन के सदस्यों ने स्वयं उठाई। सुबह से ही बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों व स्वयंसेवकों ने पहुंचकर घाट को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।

जमशेदपुर : आम आदमी पार्टी जमशेदपुर महानगर इकाई ने डिमना लेक पर्यटक स्थल पर चलाया सफाई अभियान
अभियान के दौरान सबसे पहले विसर्जित मूर्तियों, फूल-मालाओं और प्लास्टिक कचरे को अलग-अलग किया गया। प्रतिमाओं पर लगे आभूषण, रंगीन प्लास्टिक और सजावटी सामग्री हटाकर मूर्तियों को तालाब में प्रवाहित किया गया, ताकि घाट और जल स्रोत दोनों की स्वच्छता बनी रहे। स्वयंसेवकों ने घाट पर फैली पॉलिथीन, थर्मोकोल तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री को भी एकत्र कर निपटान किया।

पूर्व सैनिकों ने दिया सामाजिक संदेश
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य किशोर कुमार ने कहा कि देश की सेवा व सुरक्षा में जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों का दायित्व सेवानिवृत्ति के बाद भी समाप्त नहीं होता। आज देश प्रदूषण और पर्यावरण संकट से लड़ रहा है, और ऐसे में स्वच्छता अभियान राष्ट्र सेवा का ही नया स्वरूप है।
संगठन के संस्थापक वरुण कुमार ने कहा कि गांधी घाट पर चलाया गया यह सफाई अभियान केवल कचरा उठाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का पवित्र प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे परिवार सहित ऐसी गतिविधियों में शामिल हों और बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित करें।

