Chaibasa (चाईबासा) : झारखंड के सारंडा वन क्षेत्र में खनिज लूट और आदिवासी हितों की अनदेखी के विरोध में आगामी 16 नवंबर 2025 को आर्थिक नाकेबंदी की घोषणा की गई है। यह घोषणा झारखंड आंदोलनकारी बुधराम लागुरी ने सारंडा के छोटानगारा स्थित जमकुंडिया, नया बाजार में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए की।
इस दौरान रेल और सड़क मार्ग पूरी तरह ठप कर दिए जाएंगे और कोल्हान-पोड़ाहाट और सारंडा से एक भी ढेला खनिज बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।
लागुरी ने कहा, झारखंड में संविधान की 5वीं अनुसूची का पालन मजबूती से किया जाना आवश्यक है, लेकिन अनुसूचित क्षेत्रों में आईपीसी और सीआरपीसी की धाराओं का दुरुपयोग कर आदिवासियों के अधिकारों को कुचला जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि सारंडा को सेंचुरी घोषित करने की जल्दबाजी जनजातीय हितों के खिलाफ है और बिना जनजातीय सलाहकार परिषद (TAC) की सलाह या राज्यपाल व राष्ट्रपति के प्रतिवेदन के ऐसा कोई फैसला स्वीकार्य नहीं है।
सभा में सर्वसम्मति से “कोल्हान – पोड़ाहाट, सारंडा बचाओ समिति” नामक संगठन के गठन की घोषणा की गई। समिति के पदों के लिए निम्नलिखित नामों का चयन किया गया:
अध्यक्ष: लागोड़ा देवगम
उपाध्यक्ष: अमर सिंह सिद्धू, बिरसा मुंडा, बामिया माझी
महासचिव: बुधराम लागुरी
सचिव: कुसु देवगम
बाकी पदाधिकारियों का चयन अगले बैठक में किया जाएगा। सभा के दौरान मानकी लागोड़ा देवगम, तुराम बिरुली, विश्वनाथ बाड़ा, मो. तबारक खान, माईकल तिरिया, कृष्णा समद, गोपाल कोड़ा सहित बड़ी संख्या में आदिवासी मूलवासी मौजूद रहे।