Adityapur: भगवान शिव की भक्ति और महाकुंभ में स्नान की आस्था ऐसी कि ट्रेन छूटने के बाद भी हार नहीं मानी। जेएमए स्टोर, जमशेदपुर में कार्यरत सुनील कुमार पांडेय (40 वर्ष) ने अपने जज्बे और दृढ़ संकल्प से असंभव को संभव कर दिखाया। उन्होंने ट्रेन छूटने के बाद बाइक से ही प्रयागराज की यात्रा कर ली और 38 घंटे में संगम स्नान कर वापस लौट आए।
सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि वे 145 साल बाद आए इस संपूर्ण महाकुंभ में स्नान करने का महीनों से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने 28 जनवरी को पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से प्रयागराज जाने की योजना बनाई थी, लेकिन ट्रेन छूट गई। इससे वे दुखी तो हुए, लेकिन भगवान भोलेनाथ के दर्शन की आस नहीं छोड़ी और सुबह 10:30 बजे अपनी बाइक से प्रयागराज के लिए निकल पड़े। लगभग 850 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सुनील 21 घंटे में प्रयागराज पहुंचे और 29 जनवरी को सुबह 8:30 बजे संगम में स्नान किया। स्नान के बाद उसी दिन शाम को वापस जमशेदपुर के लिए रवाना हो गए। भयंकर ट्रैफिक जाम और लंबी यात्रा के बावजूद वे 38 घंटे में संगम स्नान कर अपने घर लौट आए। सुनील के इस अद्वितीय संकल्प और आस्था को देखकर जेएमए स्टोर परिवार और महाप्रबंधक संजीव कुमार श्रीवास्तव ने उनकी भक्ति को सलाम किया। उन्होंने इसे भगवान भोलेनाथ की महिमा और सच्चे भक्त की श्रद्धा का परिणाम बताया।