चाईबासा, 27 अगस्त 2026। एस.जे. डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर सीआरपीएफ की 174वीं बटालियन के जवानों के साथ राखी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम देशभक्ति और भाई-बहन के स्नेह की भावना से ओत-प्रोत रहा। विद्यालय की छात्राओं ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ तीन बार ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओ.पी. मिश्रा ने 174वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट डी.एन. सिंह का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया और उपस्थित जवानों का अभिनंदन किया।

इस दौरान छात्रा आयुषी ने “फूलों का तारों का सबका कहना है…” गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। संगीत शिक्षक ओ.सी. दास ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। वहीं, छात्रा हर्षिता कुमारी ने रक्षाबंधन पर आधारित कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
अपने स्वागत संबोधन में प्राचार्य ओ.पी. मिश्रा ने कहा कि विद्यालय परिवार के लिए यह गौरव का अवसर है कि देश की सुरक्षा में दिन-रात जुटे वीर जवान उनके बीच मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे की रक्षा और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक भी है।
उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ जवानों के अथक प्रयासों और त्याग से पश्चिम सिंहभूम में नक्सल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जवानों के समर्पण और बलिदान के कारण क्षेत्र में शांति और विकास का वातावरण मजबूत हुआ है। छात्राओं द्वारा जवानों को राखी बांधना उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।
मुख्य अतिथि डिप्टी कमांडेंट डी.एन. सिंह ने विद्यालय परिवार और छात्राओं के स्नेह के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह का सम्मान जवानों का मनोबल बढ़ाता है और उन्हें देश सेवा के लिए और अधिक प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में छात्राओं ने जवानों को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र एवं सुखद जीवन की कामना की। अंत में शिक्षक आर.के. द्विवेदी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मंच संचालन शिक्षिका सुधा सिंह एवं मनीषा सिन्हा ने किया।








