आदित्यपुर : राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के सख्त निर्देशों के बावजूद आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित सालडीह नदी घाट पर बालू माफियाओं का अवैध साम्राज्य बेखौफ जारी है। पिछले पांच दिनों से दिन-रात नदी से बालू का अवैध उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है। बालू लदे वाहनों की यह गैर-कानूनी आवाजाही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी साफ तौर पर दर्ज हुई है।
गौरी घाट अवैध बालू खनन पर सख्त कार्रवाई: बालू लदा ट्रैक्टर जब्त, माफियाओं में हड़कंप

रातभर सड़कों पर दौड़ रहे ट्रैक्टर और 407 वाहन
स्थानीय निवासियों के अनुसार,रात में सालडीह घाट पर अवैध खनन तेज हो जाता है। रात से लेकर सुबह 7 बजे तक लगातार 3 से 4 ट्रैक्टर और 407 वाहन बेरोकटोक बालू की ढुलाई में जुटे रहते हैं। दिन में नदी किनारे बोरियों में बालू भरकर डंप किया जाता है और रात होते ही प्रति 407 वाहन ₹4,000 से ₹5,000 की दर से खुलेआम बेचा जा रहा है। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में रातभर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से स्थानीय लोगों की नींद हराम हो चुकी है।
सफेदपोशों और अपराधियों का गठजोड़
नाम न छापने की शर्त पर स्थानीय लोगों ने बताया कि इस काले कारोबार में आपराधिक तत्वों के साथ-साथ कई सफेदपोश भी शामिल हैं, जो तंत्र को ‘मैनेज’ कर इस अवैध धंधे को संरक्षण दे रहे हैं, जो सवाल खड़े कर रही है।
वर्चस्व को लेकर कभी भी हो सकता है खूनी संघर्ष
अवैध खनन पर कब्जे को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व बालू उठाव के वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच गंभीर तनातनी हुई थी, जिससे हिंसक झड़प की स्थिति बनते-बनते बची। यदि समय रहते पुलिस ने इस पर सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की, तो किसी बड़ी आपराधिक घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। मामले में संबंधित विभाग और पुलिस पदाधिकारियों का आधिकारिक पक्ष आना अभी बाकी है।








