Gamharia (गम्हरिया) : गम्हरिया इंग्लिश स्कूल में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की कक्षाओं का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सर विक्टर एंथनी के नेतृत्व में एक विशेष कार्यशाला (वर्कशॉप) का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यालय के लगभग 150 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील (इन्स्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल) के चीफ श्री दीप्तक चटर्जी उपस्थित रहे। बहुमुखी प्रतिभा के धनी श्री चटर्जी की मौजूदगी और विज्ञान के प्रति उनके अनूठे दृष्टिकोण ने छात्रों और शिक्षकों में नया उत्साह भर दिया। उन्होंने इस आधुनिक पहल के लिए स्कूल प्रबंधन की सराहना की और भविष्य में भी बच्चों के साथ अपना ज्ञान व अनुभव साझा करने का आश्वासन दिया।

वर्कशॉप के दौरान छात्रों को विभिन्न प्रकार के रोबोट, ऑटोमैटिक कार और फ्लाइंग कार का लाइव डेमो दिखाया गया। इसके साथ ही बच्चों ने वैक्यूम क्लीनर बनाना सीखा और अपने पहले प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट के साथ कोडिंग व रोबोटिक्स की दुनिया में कदम रखा।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत में पंकज सर, सत्यबान सर और नम्रता मैम ने विज्ञान के जादू और रोचक प्रयोगों के जरिए बच्चों को चकित कर दिया। प्रयोगों के माध्यम से बच्चों ने सीखा कि विज्ञान किस तरह रोजमर्रा की जिंदगी में उपयोगी है और कैसे इसकी मदद से जंक फूड व मिलावटी रंगीन पेय पदार्थों की पहचान की जा सकती है। वहीं, चारुप्रिया मैम ने बच्चों के सामने ‘स्पेस शूटर’ जैसे कंप्यूटर गेम लाइव बनाकर दिखाए, जिसे देखकर छात्र काफी उत्साहित हुए।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री सुब्रत रॉय, प्राचार्या किरण चोली, उपाध्यक्ष रिंकू रॉय, प्रशासक रीमा बनर्जी, सचिव शिप्रा पाल, स्कूल मैनेजर मुकेश पाठक सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मी उपस्थित थे।
http://जमशेदपुर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस समारोह, स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तकनीक पर जोर








