स्कूल के पास एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा, चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त
Kharswan (खरसावां): सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां में पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, धारदार चाकू और मोबाइल फोन बरामद किया है। साथ ही उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में खरसावां स्थित +2 हाई स्कूल के समीप एक संदिग्ध युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक धारदार चाकू और नीले रंग का सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल संख्या JH05A-0678 को भी अपने कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान रायजामा निवासी 30 वर्षीय दुबु सरदार के रूप में हुई है। वह श्याम सुंदर सरदार का पुत्र बताया गया है।
इस मामले में खरसावां थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक हरेन्द्र प्रसाद सिंह के लिखित आवेदन पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-A)a/26 के तहत कांड संख्या 54/2026 दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू, थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक हरेन्द्र प्रसाद सिंह, हवलदार अजय कुजूर, आरक्षी सनातन महतो और आरक्षी महेश रविदास की अहम भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।







