पश्चिमी सिंहभूम के 10 एथलीटों का राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयन, तेलंगाना में दिखाएंगे दमखम

Chaibasa (चाईबासा) :  पश्चिमी सिंहभूम जिले के खेल जगत के लिए गौरव की खबर है। जिले के 10 प्रतिभाशाली एथलीटों का चयन 20वीं राष्ट्रीय अंतर जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता (NIDJAM-2026) के लिए किया गया है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) की ओर से आयोजित यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 14 से 16 नवंबर 2026 तक तेलंगाना के सदाशिवपेट में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

हेमंत सोरेन सरकार है ठगबाज सरकार, इससे ना आदिवासियों का भला होगा और ना खिलाड़ियों का, हेमंत सोरेन सरकार को उखाड़ फेकनें का भी किया युवाओं से अपील : सुनिल सिरका

चयनित खिलाड़ियों का फैसला अप्रैल 2026 में आयोजित जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता और अस्मिता लीग में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। सभी 10 खिलाड़ी 10 नवंबर को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रवाना होंगे।

इन 10 खिलाड़ियों को मिला राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका

चयनित खिलाड़ियों में अंडर-14 बालिका वर्ग से दिया परी देवगम (ट्रायथलॉन ए), संध्या महतो (ट्रायथलॉन बी) और रोशनी मुंडुइया (ट्रायथलॉन सी) शामिल हैं। अंडर-14 बालक वर्ग में विकास गागराई का चयन ट्रायथलॉन सी के लिए हुआ है।

वहीं, अंडर-16 बालिका वर्ग में गुरुवारी बांकिरा (60 मीटर दौड़), हीरामुनी गागराई (लंबी कूद) और दिव्या ज्योति तियु (600 मीटर दौड़) ने जगह बनाई है। अंडर-16 बालक वर्ग से रामानंद नायक (60 मीटर दौड़), नेल्सन सोय (पेंटाथलॉन) और महेश्वर सुंबरुई (60 मीटर दौड़) का चयन हुआ है।

सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने हासिल की उपलब्धि

पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक सह एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव अजय कुमार नायक ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए जिले के 10 खिलाड़ियों का चयन होना पूरे पश्चिमी सिंहभूम के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सीमित खेल संसाधनों और कई चुनौतियों के बावजूद जिले के युवा अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत के साथ खेल प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन को दिया। साथ ही जिला प्रशासन से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं, आवश्यक खेल सामग्री और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की अपील की। उनका कहना है कि उचित अवसर और संसाधन मिलने पर जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

खिलाड़ियों के चयन पर एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक सांसद जोबा माझी, संरक्षक जगत माझी एवं मुकुंद रुंगटा, अध्यक्ष नितिन प्रकाश, जिला खेल पदाधिकारी मार्कस हेंब्रम, उपाध्यक्ष नीरज संदवार और बलराज हिंदवार, कोषाध्यक्ष दीपक पासवान सहित संयुक्त सचिव काश्मीर कांडेयांग, अर्जुन महाकुड, विजय वानरा, ओंकार महतो, संजीव बांहंदा, राजू बिरुवा, पुनम पिंगुवा, प्रीति महतो और सरिता पिंगुवा ने खुशी जाहिर की।

सभी पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर पश्चिमी सिंहभूम जिले और झारखंड राज्य का नाम रोशन करेंगे।

 

http://चैस फॉर एवरीवन फीडै रेटिंग चेस चैंपियनशिप का हुआ समापन, रूंगटा टीएमटी बार ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *