आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बेलगाम होते अपराधियों और चरमराती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को भाजपा नेता सपन दास के आवास पर अपराधियों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग की घटना ने आग में घी डालने का काम किया है। इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर सह भाजपा नेता अमित सिंह बॉबी ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है।
Adityapur Firing News: आदित्यपुर: भाजपा नेता के घर पर अपराधियों का तांडव, तीन राउंड फायरिंग से दहशत

अपराध पर नियंत्रण पाने में पुलिस विफल
अमित सिंह बॉबी ने कहा कि आदित्यपुर में पिछले कुछ समय से चोरी, छिनतई, और मारपीट जैसी आपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन इन घटनाओं को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। सपन दास के घर पर सरेआम गोलीबारी होना इस बात का प्रमाण है कि अपराधियों के मन से कानून का खौफ खत्म हो चुका है।
आंदोलन की चेतावनी
भाजपा नेता ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “यदि पुलिस प्रशासन त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि व्यवस्था में सुधार नहीं लाता है, तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।” उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार कुंभकर्णी निद्रा में सोई हुई है, जिसे जगाने के लिए अब जन-आंदोलन ही एकमात्र रास्ता बचा है।
एसपी से की गिरफ्तारी की मांग
अमित सिंह बॉबी ने सरायकेला एसपी से मांग की है कि सपन दास के घर हुई फायरिंग मामले में संलिप्त अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए, ताकि आम जनता सुरक्षित महसूस कर सके।








