गम्हरिया। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या 7 और 8 में विकास कार्यों को नई गति देते हुए गुरुवार को तीन तालाबों के जीर्णोद्धार एवं पुनरुद्धार कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।

1 करोड़ 68 लाख रुपये की अनुमानित लागत वाली इस योजना का शुभारंभ मेयर संजय सरदार और डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर वार्ड 7 के पार्षद परितोष बेज और वार्ड 8 की पार्षद मोना बेसरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

शिलान्यास के दौरान मेयर संजय सरदार ने कहा कि ये तीनों तालाब क्षेत्र की लाइफलाइन हैं। इनके पुनरुद्धार से न केवल स्थानीय निवासियों को सुविधा होगी, बल्कि भीषण गर्मी के दौरान गिरते जलस्तर को थामने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि तालाबों के सुंदरीकरण से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित होगा।
मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि केवल तालाब की सफाई ही नहीं, बल्कि यहां जनसुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। परिसर में शौचालय, ओपन जिम और वॉकिंग ट्रैक का निर्माण होगा, ताकि स्थानीय लोग स्वास्थ्य लाभ ले सकें।
जनता की समस्याओं पर त्वरित संज्ञान
कार्यक्रम के दौरान मेयर और डिप्टी मेयर ने वार्ड 7 के प्रगति नगर एवं वार्ड 8 के निवासियों से सीधा संवाद किया। स्थानीय लोगों ने जल-जमाव और गंदगी की गंभीर समस्या उनके समक्ष रखी। मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए आश्वासन दिया कि ड्रेनेज और सफाई की व्यवस्था को जल्द ही दुरुस्त कर लिया जाएगा। इस मौके पर प्रदीप दण्डपाट, रती बेरा, किशन प्रधान, उदय गुप्ता ,मोनू झा आदि मौजूद थे
http://Adityapur Clean 2026: आदित्यपुर नगर निगम की डिजिटल पहल: अब एक ‘स्कैन’ से दूर होंगी जनसमस्याएं स्वच्छता सर्वेक्षण जन सहभागिता कार्यक्रम में ‘क्लीन आदित्यपुर’ का संकल्प, मेयर , डिप्टी मेयर और प्रशासक ने लॉन्च किया क्यूआर कोड सिस्टम








