Adityapur (आदित्यपुर) : औद्योगिक क्षेत्र को नई गति देने के उद्देश्य से आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में चार दिवसीय ‘इंडोमैक – बीटूबी इंडस्ट्रियल मशीनरी एंड इंजीनियरिंग एक्सपो 2026’ का भव्य शुभारंभ गुरुवार को हुआ। इस एक्सपो का उद्घाटन ऑटो क्लस्टर के प्रबंध निदेशक एस एन ठाकुर, सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया और एसिया के पूर्व अध्यक्ष संतोष खैतान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्यमियों के लिए तकनीक का द्वार
उद्घाटन के अवसर पर श्री एस एन ठाकुर ने कहा कि इंडोमैक, ऑटो क्लस्टर और एसिया के सहयोग से यह पांचवां सफल आयोजन है। उन्होंने बताया कि यह मंच केवल जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि झारखंड, बंगाल और ओडिशा के उद्यमियों को आधुनिकतम मशीनों और नई तकनीकों से रूबरू कराता है। वहीं, मानव केडिया ने इसे स्थानीय उद्यमियों के लिए ‘वरदान’ बताते हुए चैम्बर ऑफ कॉमर्स की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
प्रदर्शनी की मुख्य विशेषताएं:
• प्रतिभागी: देश भर से 200+ प्रतिष्ठित प्रदर्शक।
• प्रमुख कंपनियां: पाठक मशीन टूल्स, कोइके इंडिया, रडाडिया सीएनसी, टैली सॉल्यूशंस, माहेर मेट्रोलॉजी और काइज़न लेज़र्स।
• तकनीक: सीएनसी, बीएमसी, लेजर कटिंग, रोबोटिक्स, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और मेट्रोलॉजी इंस्ट्रूमेंट्स का लाइव प्रदर्शन।
• अनुमानित दर्शक: 18,000+ से अधिक पैन इंडिया विजिटर्स।

पूर्वी भारत का सबसे व्यापक मंच
इंडोमैक टीम के अनुसार, इस मेगा एक्सपो में 900 से अधिक ब्रांड्स और 700+ लाइव मशीनरी का प्रदर्शन किया जा रहा है। यह आयोजन एमएसएमई यूनिट्स, इंजीनियरों और फैब्रिकेटर्स के लिए व्यावसायिक अवसरों को तलाशने का एक बेहतरीन माध्यम है। यह प्रदर्शनी 05 से 08 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक खुली रहेगी। सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।








