आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या 17 (हरिओम नगर) में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पालतू रॉटवीलर कुत्ते ने ड्यूटी पर तैनात महिला सफाई कर्मचारियों पर हमला कर दिया। एलआईजी फ्लैट परिसर में हुई इस घटना के बाद सफाई कर्मियों और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
पुरानी घटनाओं से आक्रोशित हैं मोहल्लेवासी
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह कुत्ता सुभाष बोस नामक व्यक्ति का है। आरोप है कि यह कुत्ता पहले भी कई बच्चों और बुजुर्गों को अपना निशाना बना चुका है। रॉटवीलर जैसी खतरनाक और कई क्षेत्रों में प्रतिबंधित नस्ल होने के बावजूद, मालिक द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना रहता है।
प्रशासक से सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के तुरंत बाद मामले की लिखित शिकायत नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश से की गई। सफाई कर्मियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए प्रशासक ने मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा के साथ समझौता करने वाले पालतू जानवरों और उनके मालिकों पर निगम के नियमों के तहत जुर्माना या अन्य कार्रवाई की जाएगी।








