आदित्यपुर: नगर निगम चुनाव की सरगर्मी के बीच वार्ड 17 में चुनावी पारा चढ़ गया है। पूर्व पार्षद और वर्तमान प्रत्याशी अम्बुज कुमार ने आज गुरुवार को अपने क्षेत्र में सघन डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अभियान के दौरान उन्होंने इंदिरा बस्ती, भगवती एनक्लेव, शांतिनगर, रॉयल रेजीडेंसी और हरिओम नगर जैसे प्रमुख इलाकों का दौरा कर मतदाताओं से सीधा संवाद किया।

अनुभव और विजन का संगम
जनसंपर्क के दौरान अम्बुज कुमार ने केवल वादे ही नहीं किए, बल्कि अपने पिछले कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का पूरा ‘लेखा-जोखा’ भी जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी उपलब्धि रही है और भविष्य में वे वार्ड 17 की अधूरी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह संकल्पित हैं।
आदर्श वार्ड बनाने का संकल्प
क्षेत्र में मिल रहे भारी जनसमर्थन से उत्साहित अम्बुज कुमार ने कहा, “जनता का प्यार ही मेरी असली ताकत है। मेरा लक्ष्य वार्ड 17 को पूरे आदित्यपुर नगर निगम का एक ‘आदर्श वार्ड’ बनाना है, जहाँ आधुनिक सुविधाएं और बेहतर नागरिक सेवाएं हर घर तक पहुंच सकें।”
उन्होंने मतदाताओं से मतपत्र के क्रम संख्या 03 पर अंकित अपने चुनाव चिह्न ‘बल्ला छाप’ पर मुहर लगाकर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। आज के अभियान में उनके साथ भारी संख्या में समर्थक और स्थानीय निवासी शामिल थे, जो क्षेत्र के विकास के लिए उनके पक्ष में लामबंद दिखे।








