आदित्यपुर: सामाजिक संस्था ‘उद्गम’ के तत्वावधान में इस वर्ष भी रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य सेवा शिविर सह सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। संस्था की संरक्षक सोनिया सिंह ने बताया कि पिछले चार वर्षों की परंपरा को जारी रखते हुए इस बार भी आदित्यपुर आने वाले विभिन्न अखाड़ों का पारंपरिक तरीके से भव्य अभिनंदन किया जाएगा।

श्रद्धालुओं के लिए व्यापक प्रबंध
सोनिया सिंह ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और अखाड़ा समितियों के लिए बड़े स्तर पर महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। शिविर में लगभग 8 क्विंटल हलवा-पूड़ी, 3 क्विंटल चना, जलेबी और 20,000 आइसक्रीम का वितरण किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य सेवा और सहयोग की भावना के साथ अधिक से अधिक जनमानस तक लाभ पहुँचाना है।
इनकी होगी गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शिरकत करेंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर मेयर संजय सरदार और उपमहापौर अंकुर सिंह मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही पूर्व विधायक अरविंद सिंह, पूर्व मेयर विनोद श्रीवास्तव और शंभूनाथ सिंह जैसे गणमान्य अतिथि कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। वार्ड 22 की पार्षद अंजू सिंह ने क्षेत्र की सभी अखाड़ा समितियों से इस सेवा शिविर में शामिल होने की अपील की है। पत्रकार वार्ता के दौरान अनिल चौधरी, संजीव कुमार सिंह बबुवा, प्रकाश मेहता, राजा घोष और चंदेश्वर सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित थे।








