आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव 2026 की चुनावी सरगर्मियां अब अपने चरम पर हैं। वार्ड 25 से एक शिक्षित, जुझारू और युवा चेहरे के रूप में सोमदेव प्रधान (विक्की) ने अपनी मज़बूत दावेदारी पेश की है। चुनावी जनसंपर्क के दौरान सोमदेव प्रधान ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता राजनीति नहीं, बल्कि वार्ड का सर्वांगीण विकास है।

बुनियादी समस्याओं पर प्रहार
मीडिया से रूबरू होते हुए सोमदेव प्रधान ने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि वार्ड 25 में वर्तमान में प्रदूषण एक बड़ी चुनौती है, जिसे दूर करने के लिए वे विशेष कार्य योजना बनाएंगे। इसके अलावा, उन्होंने जर्जर सड़कों, विशेषकर आसंगी मार्ग की बदहाली और शाम होते ही स्ट्रीट लाइट के अभाव में होने वाले अंधेरे पर गहरी चिंता व्यक्त की।
युवाओं और महिलाओं के लिए विशेष संकल्प
सोमदेव प्रधान ने अपने घोषणापत्र में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने पर जोर दिया है। साथ ही, उन्होंने महिला समितियों को सशक्त बनाने और सामुदायिक भवनों के निर्माण का वादा किया है।

जनता से अपील
चुनाव चिन्ह ‘मोतियों का हार’ (क्रम संख्या 4) के साथ मैदान में उतरे सोमदेव ने जनता से भावुक अपील करते हुए कहा, “अपना बहुमूल्य वोट किसी के बहकावे में आकर न बेचें। आपका एक वोट वार्ड का भविष्य बदल सकता है।” उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।







