Jamshedpur (जमशेदपुर) : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार किया है।
जमशेदपुर : यूआईडी अपडेट करने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को किया गिरफ्तार

गोलमुरी में हुई चोरी से शुरू हुई जांच
इस गिरोह का खुलासा गोलमुरी थाना क्षेत्र के एक फ्लैट में हुई चोरी के बाद हुआ। 17 सितंबर 2025 को ऋषभ कुमार के फ्लैट में हुई चोरी के मामले (काण्ड संख्या-139/25) की जांच के दौरान पुलिस को इस गिरोह के बारे में अहम सुराग मिले। वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसने पटना में दबिश दी।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों अपराधी पटना, बिहार के रहने वाले हैं:
- विकाश कुमार उर्फ विकाश कुमार साह (27 वर्ष): पिता-दिलीप साह, थाना-आलमगंज, पटना।
- राजु कुमार (49 वर्ष): पिता-जगदीश प्रसाद, थाना-सुल्तानगंज, पटना।
- मो० इरफान उर्फ बॉबी (26 वर्ष): पिता-जमील अख्तर, थाना-खाजेकलॉ, पटना।

निशानदेही पर हथियार और जेवर बरामद
गिरफ्तार अपराधियों की पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने केबल कंपनी के जनरल ऑफिस के खंडहर से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- हथियार: 01 देशी कट्टा और 08 mm की 02 जिन्दा गोलियां।
- आभूषण: 01 जोड़ी चाँदी का पायल और 02 चाँदी की बिछिया।
- औजार: 01 बोल्ट कटर, 01 हेक्सा ब्लेड, प्लास, पेचकस और 02 मोबाईल फोन।
अपराधिक इतिहास: कई जिलों में दर्ज हैं मामले
पूछताछ के दौरान अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे गिरोह बनाकर विभिन्न राज्यों में चोरी करते थे। इनके खिलाफ झारखंड के हजारीबाग (कोर्रा थाना), जमशेदपुर (बिरसानगर थाना), सरायकेला, तिलैया के अलावा पश्चिम बंगाल के विधाननगर और पटना के श्री कृष्णापुरी व रामकृष्णानगर थानों में कुल 8 मामले दर्ज हैं।
छापेमारी टीम की भूमिका
इस सफल अभियान का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक ने किया। टीम में गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन, बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार और पु०अ०नि० अभय मिंज, गौरव सिंह, सुभाष रजक, अजीत प्रकाश व पाण्डु सामद सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
http://जमशेदपुर में कुख्यात अपराधी सौरभ चौधरी उर्फ पूरन गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद








