गुवा, संवाददाता: मेघाहातुबुरु इकाई में मजदूर हितों एवं स्थानीय समस्याओं को लेकर Jharkhand Mazdoor Sangharsh Sangh यूनियन और Steel Authority of India Limited (सेल) प्रबंधन के बीच जनरल ऑफिस सभागार में द्विपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। यह बैठक कर्मचारियों की सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था और कार्यस्थल से जुड़े कई अहम मुद्दों पर केंद्रित रही।

बैठक में यूनियन की ओर से मेडिकल सुविधाओं को सुदृढ़ करने की प्रमुख मांग उठाई गई। इसमें 12 सीटर एसी एम्बुलेंस की व्यवस्था, रेफरल के दौरान वाहन किराया उपलब्ध कराने, अपोलो रेफरल के लिए संशोधित किराया लागू करने, मेघाहातुबुरु मेडिकल डिस्पेंसरी में स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति तथा फिजियोथेरेपी सुविधा शुरू करने की मांग शामिल रही। इसके साथ ही जोड़ा रेफरल में भी वाहन किराया उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुखता से रखा गया।

सीएसआर (CSR) के तहत रेफरल प्रक्रिया में केवल मुखिया ही नहीं, बल्कि उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं वार्ड सदस्यों को भी साइनिंग अथॉरिटी देने की मांग की गई, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
इसके अलावा “समान काम के लिए समान वेतन” तथा विभिन्न विभागों में समान अटेंडेंस लागू करने का मुद्दा भी प्रमुख रहा। यूनियन ने विशेष रूप से श्याम, कुंदन और कमल के जूलॉजिकल विभाग तथा माइनिंग विभाग में एकरूप अटेंडेंस प्रणाली लागू करने की मांग रखी।
घंटों चली इस वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनी, जिससे कर्मचारियों में संतोष का माहौल देखा गया।
बैठक में सेल प्रबंधन की ओर से सीजीएम एस.के. सिंह, अमित बिस्वास एवं धीरेन्द्र मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं यूनियन की ओर से केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, अफताब आलम, इंतेकाब आलम, कांता प्रसाद, एस. गिल, पी. नायक, महाराज रावत, सोमनाथ साहु, गुरप्रीत सिंह, कमल रजक, टी. मेहमूद, राज नारायण शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।








