Chaibasa (चाईबासा) : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत चाईबासा नगर परिषद और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। दिनभर चले मतदान के बाद अब प्रत्याशियों की किस्मत मत पेटियों में बंद हो चुकी है। सभी की नजरें 27 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि नगर परिषद की कमान किसके हाथों में जाएगी और किसके सिर पर जीत का ताज सजेगा।
जारी आंकड़ों के अनुसार चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 61.05 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में 57.95 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों नगर निकाय क्षेत्रों में महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
नगर निकाय चुनाव 2026: 11 बजे तक चाईबासा में 21.3% और चक्रधरपुर में 15.11% मतदान

शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं। प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष सुरक्षा बल तैनात रहे, जबकि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की गई।
महिला कॉलेज में मत पेटिकाओं का जमा होना जारी
मतदान समाप्त होने के बाद मतदान कर्मियों द्वारा मत पेटिकाओं को महिला कॉलेज, चाईबासा स्थित रिसीविंग सेंटर में जमा कराने का कार्य जारी है। प्रशासन की ओर से पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा रहा है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रिसीविंग सेंटर परिसर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। सभी मत पेटिकाओं को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुरक्षित रखा जा रहा है और स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी सख्ती से की जा रही है।
डीसी–एसपी ने किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने महिला कॉलेज रिसीविंग सेंटर का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मतगणना तक सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।

मतगणना को लेकर बढ़ी हलचल
मतदान संपन्न होते ही राजनीतिक गलियारों में जीत-हार को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। कई वार्डों में कांटे की टक्कर मानी जा रही है, जिससे 27 फरवरी को होने वाली मतगणना को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। अब देखना यह होगा कि जनता का जनादेश किसके पक्ष में जाता है और किसके सिर पर जीत का ताज सजता है।








