गम्हरिया : शिक्षा के प्रति समर्पण और समाज को जागरूक करने के संकल्प के साथ बुधवार शाम गम्हरिया दुर्गा पूजा मैदान स्थित गीता क्लासेस में संस्थान की संस्थापिका स्वर्गीय गीता देवी की पांचवीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
इस अवसर पर एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के शिक्षकों, छात्रों और स्थानीय प्रबुद्ध जनों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय गीता देवी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर की गई। संस्थान के डायरेक्टर संदीप गोप ने अपनी माता की स्मृति में पूजा-अर्चना की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संदीप को ने भावुक होकर कहा, “मेरी माता की हार्दिक इच्छा थी कि समाज में शिक्षा का दीप जले और बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए शिक्षित किया जाए। गीता क्लासेस की स्थापना उनके इसी विजन और सपनों को साकार करने के उद्देश्य से की गई थी।”
श्रद्धांजलि सभा के दौरान संस्थान के आदित्यपुर और गम्हरिया शाखा के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं आम लोगों के बीच भोग प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर संस्थान के फैकल्टी सदस्य अंकुल महतो, विवेक विशाल सिंह, प्रथम कुमार, खुशी कुमारी , राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं स्थानीय निवासी मौजूद थे।










