3 माह पहले किया था प्रेम विवाह, मायके जाने को लेकर पति से हुए विवाद, पत्नी ने खुद को लगाई आग, हालत गंभीर

Chakradharpur:- पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी ने खुद को आग के हवाले कर दिया. जिससे पति-पत्नी दोनों ही झुलस गये हैं. घटना चक्रधरपुर थाना के आसनतलिया गांव की है. घटना में गंभीर रूप से घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने चाईबासा स्थित सदर अस्पताल रेफर कर दिया है.

केरोसिन डाल खुद को लगाई आग– जानकारी के अनुसार आसनतलिया गांव निवासी सनम बोदरा का गांव के ही मनीषा बोदरा के साथ तीन महीने पहले प्रेम विवाह हुआ था. किसी बात को लेकर सनम बोदरा ने अपनी पत्नी मनीषा को माइके जाने से मना किया था, लेकिन मनीषा नहीं मानी और माइके चली गयी. इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया. इसके बाद शनिवार दोपहर 2 बजे मनीषा ने घर में रखे किरोसीन तेल को शरीर में डाल खुद को आग के हवाले कर दिया. इधर, घटना की जानकारी पति को हुई, तो वह घर जाकर पत्नी को बचाने लगा. घटना में सनम बोदरा का हाथ और शरीर के कई अंग जल गये है.

 

स्थानीय लोगों ने पति-पत्नी को पहुंचाया अस्पताल- घटना के बाद स्थानीय लोग आनन-फानन में दंपति को इलाज के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर रूप से घायल महिला मनीषा को बेहतर इलाज के लिए चाईबासा रेफर कर दिया. चिकित्सकों ने बताया कि मनीषा का शरीर 50 प्रतिशत तक जला है. हालांकि वे खतरे से बाहर है. वहीं पति सनम का शरीर 5 प्रतिशत जला है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया नरेश बोदरा अस्पताल पहुंचे और सनम बोदरा से घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की. बताया जाता है कि सनम बोदरा मजदूरी का काम करता है. जबकि पत्नी मनीषा गृहणी है. दूसरी ओर घटना की सूचना मिलने पर चक्रधरपुर पुलिस भी मामले की पड़ताल में जुट गयी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *