Chaibasa चाईबासा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्रों में सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी अनुसार पूर्वाह्न 11:00 बजे तक दोनों नगर परिषद क्षेत्रों में मतदाताओं का उत्साह देखा गया है।

जारी आंकड़ों के अनुसार, चक्रधरपुर नगर परिषद (खंड–ख) में 11 बजे तक 15.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जबकि चाईबासा नगर परिषद (खंड–ख) में 21.3 प्रतिशत मतदान हुआ है। प्रशासन को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी होगी।
सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम
जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी मतदान केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हैं और जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

मतदाताओं में उत्साह
सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाता बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग ले रहे हैं। कई जगहों पर पहली बार मतदान करने वाले युवा भी उत्साहित नजर आए।

प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।








