गुवा | विशेष संवाददाता: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर अनुमंडल अंतर्गत जैतगढ़ थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में एक दंतैल हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास विशालकाय हाथी को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को भी सूचित किया गया। इसके बाद पशु चिकित्सकों की टीम के साथ मौके पर ही जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हाथी की मौत बिजली के करंट की चपेट में आने से हुई हो सकती है। हालांकि वन विभाग ने साफ किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल नियमानुसार मौके पर ही पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है, जिसके बाद शव को दफनाया जाएगा।
स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। जानकारी के अनुसार, इलाके में हाथियों की आवाजाही अक्सर बनी रहती है, जिससे फसलों को नुकसान होता है। ऐसे में कुछ किसान फसलों की सुरक्षा के लिए अवैध रूप से खेतों के चारों ओर बिजली का करंट दौड़ा देते हैं, जो वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित होता है।
वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि करंट से मौत की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
http://चाईबासा में दंतैल हाथी का कहर, महिला की मौत, पति-बेटा घायल, 4 दिन में 5 मौतें








