Chaibasa (चाईबासा): नगर निगम चुनाव 2026 की मतगणना का समय अब नजदीक आ गया है। जैसे-जैसे मतगणना की घड़ी करीब आ रही है, प्रत्याशियों की धड़कनें भी तेज हो गई हैं। शुक्रवार को सुबह 8 बजे से मतगणना प्रक्रिया शुरू होगी, जिसे लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मतगणना चाईबासा महिला कॉलेज परिसर में कराई जाएगी। इसके लिए परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि मतगणना शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

मतगणना केंद्र के अंदर और बाहर सुरक्षा के कई घेरों की व्यवस्था की गई है। केवल अधिकृत कर्मियों, प्रत्याशियों और उनके एजेंटों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। परिसर में सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मतगणना के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा।
इधर, चुनाव परिणाम को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में उत्सुकता बढ़ गई है। जीत-हार को लेकर अटकलों का दौर तेज है। मतगणना के बाद नगर निगम की तस्वीर साफ हो जाएगी।








