चांडिल। आगामी 29 दिसंबर को राष्ट्रपति के संस्थान के 15वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को लेकर चांडिल पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से चांडिल थाना क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है।
थाना प्रभारी डिल्सन बिरुवा के नेतृत्व में होटल, लॉज, ढाबा और संदिग्ध स्थानों पर पुलिस टीम ने निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने होटलों में ठहरे हुए लोगों के दस्तावेजों की जांच की, साथ ही शराब, अवैध सामग्री और संदिग्ध लोगों की तलाशी भी ली गई। थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर की जा रही है, ताकि राष्ट्रपति के आगमन के समय क्षेत्र में पूर्ण शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है और सुरक्षा इंतजामों को और भी पुख्ता किया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और संदेहास्पद गतिविधि की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, थाना प्रभारी ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनी रहे।










