चाईबासा : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के टुनिया रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को हावड़ा से राउरकेला जा रही ट्रेन संख्या 20871 वंदे भारत एक्सप्रेस में तकनीकी गड़बड़ी के कारण अफरातफरी मच गई। ट्रेन के एक कोच के नीचे से अचानक धुआं और चिंगारी निकलते देख रेलकर्मियों ने तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए ट्रेन को रोक दिया।
ब्रेक बाइंडिंग बनी वजह
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह घटना सुबह 11:03 बजे की है। ट्रेन के कोच संख्या 235322 के पहिये के पास ब्रेक बाइंडिंग की समस्या उत्पन्न हो गई थी, जिसके कारण अत्यधिक गर्मी से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत ट्रेन को टुनिया स्टेशन पर ठहरा दिया।
रेलकर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
सूचना मिलते ही स्टेशन पर मौजूद तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि हॉट एक्सल के कारण ब्रेक सिस्टम प्रभावित हुआ था और इससे चिंगारी उठ रही थी। रेलकर्मियों ने समय रहते इसे नियंत्रित कर लिया और किसी भी तरह की आग लगने की संभावना को खत्म कर दिया।
सुरक्षा जांच के बाद रवाना हुई ट्रेन
मरम्मत और सुरक्षा परीक्षण के बाद पूरे रेक की जांच की गई। यह सुनिश्चित करने के बाद कि ट्रेन पूरी तरह सुरक्षित है, इसे आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि एहतियातन ट्रेन को रोका गया था।
एक घंटे तक प्रभावित रहा रेल परिचालन
इस प्रक्रिया में ट्रेन करीब एक घंटे तक टुनिया स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे डाउनलाइन पर अन्य यात्री और मालगाड़ियां विभिन्न स्थानों पर रुकी रहीं। हालांकि, स्थिति सामान्य होने के बाद रेल यातायात बहाल कर दिया गया।









