Tata-Kandra Road accident:आदित्यपुर में बेकाबू ट्रेलर ने मचाई तबाही, स्कूटी और बुलेट को रौंदा, शिक्षक समेत चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत

आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर टूल रूम के समीप एक अनियंत्रित ट्रेलर (संख्या- NL 02 Q 7066) ने जमकर उत्पात मचाया, जिसकी चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रेलर ने सबसे पहले एक स्कूटी (JH 05 DH 5095) को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार सड़क पर दूर जा गिरा। इसके बाद चालक चलती गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गया। बिना चालक के ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघ गया और सड़क की दूसरी ओर से आ रही एक बुलेट (JH 05 BV 1386) को अपनी चपेट में ले लिया।

​मृतकों की पहचान:

इस हादसे में बुलेट सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नवीन पाल और उनके भतीजे अभिषेक पाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बिष्टुपुर पार्वती घाट से एक परिजन की अंत्येष्टि में शामिल होकर घर लौट रहे थे। वहीं, स्कूटी सवार गदड़ा मध्य विद्यालय के शिक्षक राकेश राय की भी टीएमएच अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।