Maharashtra (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र के ठाणे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कापुरबावड़ी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय लड़के पर अपनी प्रेमिका को आग लगाने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल लड़की 80% तक झुलस गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
http://पति के सऊदी चले जाने के बाद प्रेमी के साथ महिला फरार, खेत में मिला शव
पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने परिवार के साथ ठाणे में रहती है, जबकि पहले वह मुंबई के चेंबूर इलाके में रहती थी। वहीं उसकी पहचान आरोपी लड़के से हुई थी। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। भाई दूज के मौके पर लड़की चेंबूर गई थी, जहां दोनों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई। इस दौरान लड़के ने धमकी दी थी कि वह लड़की को जिंदा नहीं छोड़ेगा।
घटना 24 अक्टूबर को हुई। उस दिन लड़की घर पर अकेली थी। अचानक घर से धुआं उठने लगा। पड़ोसियों ने इसकी सूचना लड़की की मां को दी। जब परिजन घर पहुंचे, तो देखा कि लड़की बुरी तरह झुलसी हुई हालत में चीख रही थी और आरोपी घर के भीतर मौजूद था। परिवार ने तुरंत लड़की को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकला। बाद में पीड़िता की मां ने कापुरबावड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 109 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि लड़की का बयान बेहद अहम होगा, जिससे वारदात का वास्तविक कारण और घटना की साजिश की पूरी जानकारी सामने आएगी।
फिलहाल पीड़िता का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
http://शादी के लिए प्रेमी का इंतजार मंदिर में करती रही प्रेमिका, प्रेमी हुआ फरार

