Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। खड़पोस की हाटटांडी बस्ती के रहने वाले 55 वर्षीय श्रीराम बिरुवा का शव नाले के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। अज्ञात अपराधियों ने उनकी बेरहमी से हत्या करने के बाद बाइक को जला दिया और शव को पत्तों से ढककर नाले के किनारे फेंक दिया था।

नाले के पास जली मिली बाइक, ग्रामीणों ने दी सूचना
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने खड़पोस नाले के पास एक जली हुई बाइक देखी। नंबर प्लेट से पहचान होने पर यह पुष्टि हुई कि बाइक श्रीराम बिरुवा की थी। घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत मझगांव थाना पुलिस को सूचना दी गई।
SDPO और थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) राफेल मुर्मू और मझगांव थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को बाइक से आगे घसीटने के निशान मिले। इन्हीं निशानों का पीछा करते हुए करीब 200 फीट दूर नाले किनारे पत्तों में दबा श्रीराम बिरुवा का शव बरामद किया गया।
अकेले रहता था मृतक, जीविकोपार्जन के लिए बेचता था झालमुड़ी
प्राथमिक जांच में पता चला कि श्रीराम बिरुवा रोजमर्रा की कमाई के लिए झालमुड़ी बेचता था। वह कुछ समय से घर में अकेला रहता था, जबकि उसका परिवार ओडिशा के जोड़ा में रहता है।
हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका
मझगांव थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट है कि हत्या के बाद अपराधियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से बाइक में आग लगाई। हत्या के कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस जमीन विवाद की संभावना को जांच के मुख्य आधार के रूप में देख रही है।
फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं, जांच जारी
पुलिस ने बताया कि अब तक किसी संदिग्ध को हिरासत में नहीं लिया गया है। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और तकनीकी जांच भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
