सरायकेला। सरायकेला जिले के कोलाबीरा स्थित फुटबॉल मैदान में खेल और परंपरा का अद्भुत मेल देखने को मिला। आदिवासी तिलका फुटबॉल एसोसिएशन (ATFA) के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘तिलका मांझी ट्रॉफी 2026’ के सफल समापन के बाद सोमवार को मैदान में एक विशाल टुसू मेले का आयोजन किया गया।

गौरतलब है कि एक वर्ष पूर्व तिलका मांझी ट्रॉफी 2025 के समापन के अवसर पर पहली बार इस मैदान में टुसू मेला आयोजित करने की घोषणा की गई थी। इसी वादे को पूरा करते हुए 2 फरवरी को आयोजित इस मेले में सरायकेला जिले के दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण पहुंचे।
मेले का मुख्य आकर्षण
मेले में विभिन्न गांवों से लाई गई आकर्षक टुसू प्रतिमाएं और भव्य चौदल आकर्षण का केंद्र रहीं। ग्रामीणों के उत्साह और पारंपरिक गीतों से पूरा कोलाबीरा गूंज उठा। सोमवार देर शाम तक चले इस सांस्कृतिक महोत्सव में निर्णायक मंडली द्वारा चयन के पश्चात सर्वश्रेष्ठ टुसू प्रतिमाओं को पुरस्कृत किया गया।
समापन कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य रूप से रामकृष्ण फोर्जिंग के शक्तिपदों सेनापति उपस्थित थे। उनके साथ मुख्य संयोजक मो. अख्तर हुसैन, सुषेन मार्डी, रविंद्र मंडल और मो. करीम जैसे गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल खेलों को बढ़ावा मिलता है, बल्कि हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति भी संरक्षित रहती है।
आयोजकों ने इस सफल आयोजन के लिए क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी खेल के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने का संकल्प दोहराया।








