जमशेदपुर : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले के कुल 70 वार्डों के 249 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया। कुल 2,53,711 मतदाताओं में से 1,35,536 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार जिले में कुल 53.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
निकायवार मतदान प्रतिशत
जिला निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार—
मानगो नगर निगम: 50.8%
जुगसलाई नगर परिषद: 59.6%
चाकुलिया नगर पंचायत: 72.9%
चाकुलिया नगर पंचायत में सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया, जो स्थानीय स्तर पर मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
सुरक्षा और सुविधाओं का व्यापक इंतजाम
उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं (AMF) सुनिश्चित की गई थीं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की लगातार निगरानी में मतदान प्रक्रिया पूरी हुई। जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
मतगणना 27 फरवरी को
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतगणना निर्धारित तिथि 27 फरवरी 2026 को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई जाएगी। जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सभी का जताया आभार
उन्होंने मतदान में भाग लेने वाले मतदाताओं, प्रेक्षकों, चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मियों, पुलिस बल, मीडिया प्रतिनिधियों तथा प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।








