Adityapur (आदित्यपुर) : प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय सिंह को सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र का सह प्रभारी नियुक्त किए जाने पर सोमवार को उनके आदित्यपुर स्थित आवास पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया।
इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी और क्षेत्र में संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत करने का भरोसा जताया। पत्रकारों से औपचारिक बातचीत के दौरान सह प्रभारी अजय सिंह ने केंद्रीय राजनीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र एक ऐसा गढ़ रहा है, जहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रभाव भी चुनावी परिणामों को प्रभावित नहीं कर सका। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को देश भर में करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
अजय सिंह ने आगे की रणनीति साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच जाएंगे, उनके सुख-दुख में शामिल होंगे और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। आपको बता दें कि इस लोकसभा क्षेत्र का मुख्य प्रभारी खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा को बनाया गया है।
इस स्वागत कार्यक्रम में मुख्य रूप से खुर्शीद आलम, दीपक महतो, देवराज महतो, आफताब आलम, आदित्या मुंडरी, वसीम अंसारी और धीरज पांडे समेत भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे।








