चाईबासा। पवित्र सावन माह की तीसरी सोमवारी पर पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार सपरिवार गोईलकेरा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध महादेवशाल मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया और जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
चाईबासा में धूमधाम से मना हरियाली तीज महोत्सव, सावन क्वीन बनीं रीना भूत
महादेवशाल मंदिर पहुंचने के बाद उपायुक्त ने परिवार के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना की। सावन की सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलार्पण के लिए पहुंचे थे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया।

पूजा के बाद व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
पूजा-अर्चना के बाद उपायुक्त मनीष कुमार ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, आवागमन और दर्शन-पूजन से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों और मंदिर समिति के सदस्यों से व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सावन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण प्रशासन और मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है, ताकि दर्शन और जलार्पण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सावन में महादेवशाल में उमड़ते हैं श्रद्धालु
गोईलकेरा स्थित महादेवशाल मंदिर पश्चिमी सिंहभूम के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। सावन के दौरान यहां भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। विशेषकर सोमवारी को मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक रहती है।
उपायुक्त के निरीक्षण के दौरान गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, गोईलकेरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार, थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा समेत मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे।
http://Sawan Milan In Gua : सावन क्वीन बनी सूर्यमणि नाग, सावन उत्सव कार्यक्रम में महिलाएं जमकर थिरकी








