चाईबासा। राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखते हुए चाईबासा जागृति शाखा की ओर से हरियाली तीज के अवसर पर 15 अगस्त को स्थानीय रूंगटा गार्डन में तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न सांस्कृतिक व मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से त्योहार का आनंद उठाया।



















हरियाली तीज पर जागृति शाखा ने किया कार्यक्रम का आयोजन

तीज महोत्सव के आयोजन की पूरी व्यवस्था समाजसेवी एवं अभिभावक मुकुंद रूंगटा के सहयोग से की गई। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सावन क्वीन प्रतियोगिता रही, जिसमें शाखा की सदस्यों ने पारंपरिक परिधान और साज-सज्जा के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में रीना भूत ने सावन क्वीन का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम की शुरुआत जागृति शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल एवं विनीता सराफ द्वारा सभी सदस्यों के तिलक लगाकर और सुहाग सामग्री भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद मारवाड़ी लोकगीतों, सावन गीतों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर चला। महिलाओं ने गीत-संगीत और मनोरंजक प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया।
महोत्सव के दौरान सदस्यों के लिए विभिन्न खेलों का भी आयोजन किया गया। हौजी सहित कई मनोरंजक खेलों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वादिष्ट व्यंजनों का भी सभी ने आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ समय बिताते हुए तीज पर्व की खुशियां साझा कीं।
जागृति शाखा की ओर से इस वर्ष तीज महोत्सव में कुछ नई गतिविधियों को शामिल किया गया, जिससे कार्यक्रम और भी आकर्षक रहा। पूरे आयोजन के दौरान सदस्यों के बीच उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में शाखा की सचिव रिंकी अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजिका स्वीटी दोदराजका, सह-संयोजिका ममता जिंदल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहीं। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज की महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर देते हैं।
http://हरियाली तीज पर जागृति शाखा ने किया कार्यक्रम का आयोजन




















