चाईबासा में भक्ति और उत्साह के बीच भव्य कांवड़ पदयात्रा, विजेताओं को किया गया सम्मानित

चाईबासा में आयोजित भव्य कांवड़ पदयात्रा में शामिल शिवभक्त

चाईबासा, 16 अगस्त। श्रावण मास के पावन अवसर पर “करने वाले शिव–कराने वाले शिव” संस्था के तत्वावधान में रविवार को भव्य कांवड़ पदयात्रा का आयोजन किया गया। भगवान शिव की आराधना और “हर-हर महादेव” एवं “बोल बम” के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ पदयात्रा में हिस्सा लिया।

पदयात्रा का शुभारंभ गांधी टोला स्थित करणी मंदिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और मंगल आरती के साथ हुआ। इसके बाद बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री श्याम मंदिर, ठाकुरबाड़ी पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ।

पदयात्रा के दौरान नगर में जगह-जगह शिवभक्ति का माहौल देखने को मिला। पुरुषों के साथ महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालु आकर्षक कांवड़ और भगवा वेशभूषा में नजर आए। विभिन्न स्थानों पर नगरवासियों ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। समापन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई।

चाईबासा में आयोजित भव्य कांवड़ पदयात्रा में शामिल शिवभक्त

सर्वश्रेष्ठ कांवड़ के विजेता

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की कांवड़ को लेकर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। सर्वश्रेष्ठ कांवड़ सम्मान में प्रथम स्थान रौनक केड़िया, द्वितीय आरव कुमार महतो और तृतीय स्थान श्रेया कुमारी ने हासिल किया।

वहीं सर्वश्रेष्ठ कांवड़ वेशभूषा सम्मान में प्रथम पुरस्कार धैर्य लोधा, द्वितीय अन्नू अग्रवाल और तृतीय पुरस्कार निखिल शर्मा को प्रदान किया गया। विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर विजेताओं का उत्साह बढ़ाया।

आयोजन को सफल बनाने में संस्था के नारायण पड़िया, धीरज लोधा, विजय पड़िया, पवन गर्ग, सुमित अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, शेखर गुप्ता, संगीता पड़िया, स्वाति पड़िया, मीनू लोधा, बबीता सर्राफ, पूनम सर्राफ, श्रुति अग्रवाल, तनुजा गुप्ता, उर्मिला गर्ग, सुधा अग्रवाल एवं चंदा अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

संस्था की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिवभक्तों, नगरवासियों, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता को भी मजबूत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *