चाईबासा: वीर शहीद पोटो हो की प्रतिमा डीसी ऑफिस परिसर में स्थापित कराने के अभियान को लेकर सोमवार को टाटा कॉलेज चाईबासा के समीप बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में प्रतिमा स्थापना अभियान को गति देने और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
चाईबासा सर्किट हाउस सड़क चौक अब शहीद पोटो हो के नाम से जाना जाएगा, लगाया जाएगा प्रतिमा
बैठक को संबोधित करते हुए मानकी-मुंडा संघ के अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा ने कहा कि शहीद पोटो हो की प्रतिमा स्थापित कराने के उद्देश्य से सामाजिक संगठनों की ओर से पूरे कोल्हान में अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सहयोग और समर्थन देने की अपील की।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, विधायक जगत माझी, विधायक सुखराम उरांव, विधायक निरल पुरती और विधायक सोनाराम सिंकू समेत उपायुक्त, एसडीओ एवं सीओ को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से सहयोग का आश्वासन मिलने की बात भी उन्होंने कही।
गणेश पाट पिंगुवा ने कहा कि शहीद पोटो हो की प्रतिमा स्थापना का उद्देश्य उनके योगदान और बलिदान को सम्मान देना है। अभियान को सफल बनाने के लिए बुद्धिजीवियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
आदिवासी हो समाज युवा महासभा के पदाधिकारी गब्बर सिंह हेंब्रम ने कहा कि प्रतिमा स्थापित होने तक अभियान जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि कोल्हान के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान को लोगों का समर्थन मिल रहा है।
बैठक में बासुदेव सिंकू, विश्वनाथ तामसोय, गुलशन हेंब्रम, निराकार बिरुवा, गणेश बारी, लालू कुजूर सहित कई लोग मौजूद थे।
http://जिला समाहरणालय परिसर में वीर शहीद पोटो हो की आदमकद प्रतिमा लगाने की पहल शुरू








