Chaibasa (चाईबासा): ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) झारखंड प्रदेश काउंसिल की बैठक केंद्रीय काउंसिल के अध्यक्ष सौरभ घोष की उपस्थिति में हुई। बैठक में राज्य की शिक्षा व्यवस्था, सरकारी स्कूलों की स्थिति, शिक्षकों की नियुक्ति और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि शिक्षा के क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ संगठन अपना आंदोलन तेज करेगा।
‘क्लस्टर मॉडल’ के खिलाफ AIDSO का हल्लाबोल, कुलपति को सौंपा ज्ञापन
इसी क्रम में AIDSO का 8वां झारखंड राज्य छात्र सम्मेलन आगामी 19 और 20 दिसंबर को रांची में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में सरकारी स्कूलों को बंद करने के फैसले का विरोध, रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति, जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाली राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को रद्द करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।
संगठन ने राज्य और देश में विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली एवं भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया है।
बैठक में प्रदेश सचिव सोहन महतो ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के दबाव में सरकार ने जो निर्णय लिया है, उससे जुड़ा मामला फिलहाल न्यायालय में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट और रांची हाईकोर्ट मामले में संवेदनशीलता के साथ सुनवाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में ईमानदारी और मेहनत से सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। संगठन की मांग है कि सरकार जांच प्रक्रिया जल्द पूरी करे और निष्पक्ष तरीके से सफल अभ्यर्थियों की पहचान कर उनकी नौकरी सुरक्षित रखे।
AIDSO ने कथित भ्रष्टाचार और कदाचार के जरिए नौकरी हासिल करने वालों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में बर्खास्तगी के साथ आपराधिक मुकदमा भी दर्ज किया जाना चाहिए। रिक्त पदों पर नए सिरे से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर वर्षों से तैयारी कर रहे युवाओं को अवसर देने की भी मांग की गई।
बैठक में संगठन के प्रदेश स्तर के विभिन्न पदाधिकारी और नेतृत्वकारी सदस्य मौजूद रहे।
http://चाईबासा में AIDSO का 72वाँ स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न, नई अनुमंडल कमेटी का गठन







