Adityapur (आदित्यपुर) : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मंत्री पद का नया दायित्व मिलने पर मेयर संजय सरदार ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं बधाई संदेश देकर हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

मुलाकात के दौरान आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के चहुंमुखी विकास, बुनियादी नागरिक सुविधाओं और जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। आदित्यपुर नगर निगम चुनाव व सांगठनिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सांसद श्री वर्मा के साथ क्षेत्र के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर भी सार्थक विचार-विमर्श किया गया।
चर्चा में निगम क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और केंद्र व राज्य स्तर की कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने की रणनीति पर जोर दिया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा जी ने आत्मीयता प्रकट करते हुए मेयर संजय सरदार को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मेयर संजय सरदार ने सांसद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।







