Adityapur: राष्ट्रीय खेल दिवस पर एनआईटी में ‘माय भारत – खेलो इंडिया संवाद’ का भव्य आयोजन, मेजर ध्यानचंद को किया गया नमन; वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े प्रधानमंत्री

एनआईटी जमशेदपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम

सरायकेला: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, एनआईटी जमशेदपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में ‘माय भारत – खेलो इंडिया संवाद: प्रधानमंत्री मोदी के साथ खेल की बात’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन संस्थान के व्याख्यान परिसर में किया गया। इस अवसर पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती का भावपूर्ण स्मरण कर उन्हें नमन किया गया।

​कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया। समारोह में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि भारतीय हैंडबॉल टीम के पूर्व कप्तान व प्रशिक्षक तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री राहुल कुमार गुप्ता ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

एनआईटी जमशेदपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम

​मुख्य अतिथि श्री अर्जुन मुंडा ने युवाओं से खेल भावना और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सशक्त और स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की सुदृढ़ नींव हैं।अर्जुन मुंडा ने कहा कि खेल चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने तथा समर्पण, दृढ़ संकल्प और खेल भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने, खेलों में करियर की संभावनाओं, फिटनेस और युवाओं के सशक्तीकरण जैसे विषयों पर संवाद किया गया।

​संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल दिया।

संवाद सत्र में जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं के विकास, खेल क्षेत्र में आजीविका के अवसरों और राष्ट्र निर्माण में तंदुरुस्ती की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रीमती शोभा महतो और पैरा खिलाड़ी श्री उमेश कुमार भी शामिल हुए। साथ ही संस्थान के प्रभारी कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *