गुवा संवाददाता। सेल की किरीबुरू माइंस में कर्मचारियों की सुविधाओं, कार्यस्थल की सुरक्षा और ठेका श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रबंधन एवं बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के प्रतिनिधियों के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में श्रमिक हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई और प्रबंधन की ओर से कई मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
बैठक में महिला कर्मचारियों के लिए चेंजिंग रूम, खदान से बंकर तक संयुक्त सुरक्षा ऑडिट, स्ट्रीट लाइट, खनन कार्य के लिए एचईएमएम उपकरण, ठेका श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी एवं ईएसआई का लाभ सहित विभिन्न मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
प्रबंधन की ओर से पी.एम. शिरपुरकर, सीजीएम माइंस, अमित कुमार विश्वास, महाप्रबंधक (एचआर) तथा प्रवीण मीणा, सहायक प्रबंधक (एचआर) उपस्थित रहे। वहीं यूनियन की ओर से इंटक/JGOM उपाध्यक्ष एन.के. सिंह, जोनल सेक्रेटरी विद्युत सरकार, हरिहर महाकुड़, नारायण सिरका, विकास कुमार पांडे और कोषाध्यक्ष देव कुमार समेत अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
किरीबुरू में ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के तहत भव्य मिनी साइक्लोथॉन आयोजित
महिला कर्मचारियों के चेंजिंग रूम का काम पूरा
महिला कर्मचारियों के लिए चेंजिंग रूम की सुविधा को लेकर यूनियन ने प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया। इस पर प्रबंधन ने जानकारी दी कि चेंजिंग रूम का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके उद्घाटन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है और अगले दो से चार दिनों के भीतर इसका उद्घाटन कराया जा सकता है।
सुरक्षा ऑडिट और उपकरणों पर भी चर्चा
खदान से बंकर तक सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए संयुक्त सुरक्षा ऑडिट कराने पर सहमति बनी। यूनियन ने खदान में सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा और आवश्यक सुधारों पर जोर दिया।
उत्पादन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यूनियन ने नए एक्सकेवेटर की मांग रखी। प्रबंधन की ओर से उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से नया एक्सकेवेटर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
बैंकमोड़ से मुर्गापारा तक स्ट्रीट लाइट को मंजूरी
कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए बैंकमोड़ से मुर्गापारा तक स्ट्रीट लाइट लगाने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। प्रबंधन ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कार्य के लिए मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी।
ठेका श्रमिकों के अधिकारों का मुद्दा उठा
यूनियन प्रतिनिधियों ने ठेका श्रमिकों को नियमानुसार न्यूनतम मजदूरी और ईएसआई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके अलावा कर्मचारियों के क्वार्टरों के रखरखाव, अस्पताल में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता और जरूरत पड़ने पर मरीजों के त्वरित रेफरल की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में खराब RFID कार्ड को समय पर बदलने तथा इलेक्ट्रिकल विभाग में आवश्यक स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई, ताकि कामकाज प्रभावित न हो।
पिट सेफ्टी कमेटी में प्रतिनिधित्व की मांग
यूनियन ने पिट सेफ्टी कमेटी में अपने प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए श्रमिक प्रतिनिधियों की भागीदारी जरूरी है।
वार्ता के अंत में यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि बैठक में प्रबंधन की ओर से दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन पर नजर रखी जाएगी। श्रमिकों की सुविधाओं, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मामलों को लेकर यूनियन आगे भी प्रबंधन के साथ संवाद जारी रखेगी और जरूरत पड़ने पर श्रमिक हित में आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।







