आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच उपजा विवाद अब तूल पकड़ चुका है। सोमवार को अपर नगर आयुक्त अमित कुमार द्वारा इंजीनियरिंग शाखा के सहायक अभियंता सुरेंद्र सुंडी एवं कनीय अभियंता सूरज सेठ के साथ कथित गाली-गलौज और दुर्व्यवहार के मामले ने प्रशासनिक गलियारे में हलचल मचा दी है। विवाद की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह स्वयं जांच के लिए आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय पहुंचे।
उपायुक्त ने कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की विस्तृत समीक्षा की और दोनों पक्षों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान उपायुक्त ने अपर नगर आयुक्त के आचरण पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई और कार्यस्थल पर मर्यादित व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी।
इधर, इस घटना के बाद से इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों और तकनीकी अधिकारियों में भारी रोष देखा जा रहा है। सहायक अभियंता सुरेंद्र सुंडी, कनीय अभियंता सूरज सेठ समेत तकनीकी शाखा के कर्मचारियों ने लिखित आवेदन देकर अपर नगर आयुक्त अमित कुमार को इंजीनियरिंग शाखा के प्रभार से तत्काल हटाने की मांग की है। इस पूरे मामले पर अंतिम प्रशासनिक फैसला नगर आयुक्त एजाज अनवर को लेना है।
पीड़ित अभियंताओं और कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई और सम्मानजनक समाधान नहीं निकला, तो वे कानूनी कदम उठाते हुए अपर नगर आयुक्त के खिलाफ थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराएंगे।







