सरायकेला। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) द्वारा राज्य के सरकारी प्लस-टू विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए आईसीटी लैब्स (ICT Labs) को सशक्त किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी ConveGenius.AI को सौंपी गई है, जिसके तहत झारखंड के 8 जिलों के 100 सरकारी विद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) व डिजिटल लर्निंग को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।

इसी क्रम में मॉडल स्कूल सरायकेला में कार्यरत फेलो प्रशांत कुमार मिश्रा को शिक्षक दिवस पर विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य देवरूप बागची, उप प्राचार्य आशुतोष शुक्ला एवं आईसीटी प्रभारी सुजाता मालाकार सहित सभी शिक्षकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विद्यार्थियों ने झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के अनुसार उनका अभिनंदन किया।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रशांत कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में छात्रों को आधुनिक तकनीक, आईसीटी लैब के सही उपयोग और एआई-सक्षम शिक्षण विधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी आधुनिक तकनीकी शिक्षा में गहरी रुचि दिखाई।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने प्रशांत कुमार मिश्रा को सम्मानित किया, जिसके बाद सामूहिक भोज का आयोजन हुआ। राज्य सरकार की यह दूरगामी पहल सरकारी विद्यालयों में नवाचार और तकनीक के समावेश से शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य कर रही है।







