Jamshedpur (जमशेदपुर): शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के बाद आईएससी नेशनल टॉपर और एसआरसीसी गोल्ड मेडलिस्ट गौरांगी ने अब स्किन और हेयरकेयर के क्षेत्र में कदम रखा है। लंबे समय तक शोध, उत्पादों की सैंपलिंग और गुणवत्ता परीक्षण के बाद उन्होंने प्राकृतिक घटकों पर आधारित ‘गौरी ग्लो’ (Gauri Glow) नाम से ऑर्गेनिक स्किन एवं हेयरकेयर ब्रांड की शुरुआत की है।
ब्रांड का फोकस लोगों के लिए स्किनकेयर को आसान और कम समय लेने वाला बनाने पर है। इसी उद्देश्य से ‘लेस इज मोर’ की अवधारणा के साथ उत्पाद तैयार किए गए हैं। कंपनी के अनुसार, पारंपरिक लंबे स्किनकेयर रूटीन के बजाय ‘जीजी सिग्नेचर ट्रिनिटी’ किट के जरिए करीब दो मिनट के स्किनकेयर रिचुअल को अपनाने का विकल्प दिया गया है।
देश के अलग-अलग हिस्सों से प्राकृतिक सामग्री
गौरी ग्लो के मुताबिक, इसके उत्पादों में देश के विभिन्न हिस्सों से चुने गए प्राकृतिक घटकों का इस्तेमाल किया गया है। इनमें गोवा का नारियल तेल, कश्मीर का केसर, मुलेठी और मीठे बादाम का तेल, राजस्थान से एलोवेरा, नीम और जोजोबा ऑयल तथा कन्नौज से गुलाब जल का अर्क शामिल है। इसके अलावा सिक्किम के मंजिष्ठा अर्क और हैदराबाद से प्राप्त 24 कैरेट गोल्ड फ्लेक्स के इस्तेमाल का भी दावा किया गया है।
तीन प्रमुख उत्पादों पर जोर
ब्रांड की ओर से फिलहाल कई उत्पादों को पेश किया गया है, जिनमें जीजी रोज एलिक्सिर आइस टोनर, जीजी वन रिचुअल ग्लो क्रीम और जीजी प्योर रूट्स ऑयल प्रमुख हैं।
कंपनी के अनुसार, रोज एलिक्सिर आइस टोनर त्वचा को ताजगी देने और त्वचा की देखभाल में मदद करता है। वहीं वन रिचुअल ग्लो क्रीम को मॉइस्चराइजिंग और गोल्ड सीरम के संयोजन के रूप में तैयार किया गया है। जीजी प्योर रूट्स ऑयल में नारियल और नीम जैसे घटकों का इस्तेमाल किया गया है और इसे बालों तथा शरीर की मालिश के लिए उपयोग करने का सुझाव दिया गया है।
शोध और गुणवत्ता परीक्षण पर जोर
संस्थापक गौरांगी के अनुसार, उत्पादों को बाजार में उतारने से पहले लंबे समय तक शोध, सैंपलिंग और गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया अपनाई गई। उनका कहना है कि ब्रांड का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सरल, भरोसेमंद और प्राकृतिक घटकों पर आधारित पर्सनल केयर विकल्प उपलब्ध कराना है।
गौरांगी की यह पहल उनके शैक्षणिक सफर से अलग एक नए क्षेत्र में प्रवेश है। अब देखना होगा कि प्राकृतिक और सरल स्किनकेयर पर केंद्रित गौरी ग्लो उपभोक्ताओं के बीच कितनी जगह बना पाता है।








