आदित्यपुर : आदित्यपुर क्षेत्र में गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसी क्रम में आदित्यपुर रायडीह बस्ती स्थित रोड नंबर 32 में सार्वजनिक गणेश पूजा कमिटी द्वारा निर्मित भव्य गणेश पूजा पंडाल का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं के प्रेरणा स्रोत सह कांग्रेस प्रदेश महासचिव अजय सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के उपरांत मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस प्रदेश महासचिव अजय सिंह ने धार्मिक आयोजनों की शुचिता और सात्विकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूजा-अर्चना सात्विक जीवन का प्रतीक है। यदि कोई पंडाल या धार्मिक आयोजन में नशा, शराब या गलत आचरण को बढ़ावा देता है, तो वह पूजा नहीं बल्कि महज दिखावा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं माताओं-बहनों के सम्मान के बिना कोई भी धार्मिक कार्य सफल नहीं हो सकता। मंच से उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को विघ्नहर्ता भगवान गणेश के जयकारे लगवाते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
वहीं, आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने अपने संबोधन में वरिष्ठ नेता अजय सिंह को अपना अभिभावक बताते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा और हुनर की कोई कमी नहीं है। जिस तरह युवाओं ने एकजुट होकर मात्र कुछ ही दिनों में भव्य पंडाल खड़ा किया, वह उनकी ऊर्जा को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों (जैसे ब्राउन शुगर व अन्य मादक पदार्थों) से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को रचनात्मक तथा सामाजिक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सार्वजनिक गणेश पूजा कमिटी के अध्यक्ष दीपक महतो, रामचंद्र चाकी, सनी महतो, देवराज महतो, रोशन गुप्ता, अभिषेक चौरसिया, रितिक साहू, कुंदन राय, अशोक शाह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
http://Adityapur: आरडीएक्स गजानंद बॉयज क्लब द्वारा गणेश पूजा हेतु भव्य भूमि पूजन संपन्न







