Adityapur (आदित्यपुर) : औद्योगिक क्षेत्र आदित्यपुर में पर्यावरण संतुलन को सुदृढ़ करने तथा हरित आवरण का विस्तार करने के उद्देश्य से टाटा स्टील यूआईएसएल (जुस्को) द्वारा एक अनूठे पौधरोपण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।
टाटा स्टील को झारखंड विद्युत नियामक आयोग का झटका, 11.82 करोड़ रुपये जमा करने का आदेश
इस हरित अभियान की सबसे प्रेरक बात यह रही कि जिन उपभोक्ताओं ने कागज रहित ई-बिलिंग सेवा को अपनाया, उनके सम्मान में उनके नाम पर पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गियारी ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम से बिल स्वीकार करना कागज की बर्बादी रोकने के साथ-साथ पेड़ों के कटान को कम करने में सीधा योगदान देता है। उन्होंने कहा कि जियाडा द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि पर लगाए जा रहे इन पौधों से क्षेत्र का ग्रीन कवर बढ़ेगा, जो वर्तमान परिवेश में अत्यंत अनिवार्य है।
आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर ने कहा कि आदित्यपुर एक विशाल औद्योगिक केंद्र है, जहाँ औद्योगीकरण और वाहनों की बढ़ती संख्या के बीच पर्यावरण को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरकई पुल से लेकर सरायकेला मार्ग के दोनों ओर कंपनियों की चहारदीवारी के समीप रिक्त भूमि को ग्रीन बेल्ट में बदला जाएगा। इसके लिए आगामी दुर्गापूजा के बाद औद्योगिक इकाइयों के साथ संयुक्त बैठक कर ठोस रणनीति बनाई जाएगी।
जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र और अस्पतालों की मौजूदगी को देखते हुए स्वच्छ वातावरण निर्माण हम सभी की साझी जिम्मेदारी है। एक नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी के रूप में इस अभियान को निरंतर गति दी जानी चाहिए।
जुस्को के एमडी अतुल भटनागर ने पूरी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पर्यावरण माह में लगभग 7,500 उपभोक्ताओं ने ई-बिलिंग पर सहमति जताई थी। कंपनी के संकल्प के तहत प्रत्येक सहमति देने वाले उपभोक्ता के नाम एक पौधा लगाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रथम चरण के तहत निर्धारित 3,000 पौधों में से पहले दिन 700 पौधे रोपे गए। चरणबद्ध तरीके से अन्य संस्थानों व परिसरों में भी सघन पौधरोपण जारी रहेगा।








