Adityapur (आदित्यपुर) : शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा उत्सव को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

Saraikela: दुर्गा पूजा को लेकर सरायकेला थाना प्रभारी ने दलबल के साथ की पैदल गश्ती
गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयरी ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ आदित्यपुर क्षेत्र के प्रमुख पूजा पंडालों, विसर्जन घाटों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया.इस दौरान टीम ने जयप्रकाश उद्यान स्थित अस्थाई पार्किंग, नदी तट और पहुंच पथों का गहन जायजा लिया।

आस्था और जनसुविधा में संतुलन जरूरी: उपायुक्त
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा जन-जन की गहरी आस्था से जुड़ा वार्षिक महापर्व है। प्रशासन का मुख्य ध्येय यह है कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन मिले और स्थानीय नागरिकों का दैनिक आवागमन भी बाधित न हो। उन्होंने बताया कि भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए दो से तीन बड़े पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। उपायुक्त ने पंडाल समितियों को अग्निशमन, सीसीटीवी और आपातकालीन निकास की पुख्ता व्यवस्था रखने के साथ आमजन से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त: पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान भारी भीड़ को नियंत्रित करना और यातायात का सुगम प्रवाह बनाए रखना पुलिस की मुख्य प्राथमिकता है। इसके लिए पूरे अनुमंडल क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न देने तथा संयम बनाए रखने का आग्रह किया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा और फायर ब्रिगेड सहित आपातकालीन सेवाएं अलर्ट पर रहेंगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अभिनव भारद्वाज, एसडीपीओ अनुभव कुमार, डीटीओ, स्थानीय अंचल व नगर निकाय के पदाधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।








