एसआर रूंगटा बी-डिविजन लीग 2026-27: शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी ने 355 रन बनाकर दर्ज की बड़ी जीत, महेश सुलेंद्र दास ने झटके 4 विकेट
Chaibasa (चाईबासा) : एसआर रूंगटा बी-डिविजन क्रिकेट लीग 2026-27 में चक्रधरपुर की शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायवल क्लब गुवा को 249 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। टीम की इस शानदार जीत के नायक हर्ष बाजरा और डेविड सागर मुंडा रहे। हर्ष ने 197 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि डेविड ने 119 रन बनाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। इस जीत के साथ शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी ने पूरे चार अंक हासिल किए।

एसआर रूंगटा बी-डिविजन लीग: एनसीसी बड़ा जामदा ने लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब को 94 रनों से हराया
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चाईबासा स्थित बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 30 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 355 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
हर्ष और डेविड ने गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां
शाह स्पोर्ट्स की ओर से डेविड सागर मुंडा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 66 गेंदों में 12 चौके और आठ छक्कों की मदद से 119 रन बनाए। शुरुआती विकेट गिरने के बाद क्रीज पर उतरे हर्ष बाजरा ने रायवल क्लब के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया।
हर्ष ने 100 गेंदों का सामना करते हुए 16 चौके और 18 छक्के जड़े तथा 197 रन बनाकर नाबाद लौटे। वह दोहरे शतक से महज तीन रन दूर रह गए। डेविड और हर्ष के बीच दूसरे विकेट के लिए 244 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जिसने मुकाबले का रुख पूरी तरह शाह स्पोर्ट्स के पक्ष में कर दिया। जिशान अहमद ने भी 13 रन का योगदान दिया।
रायवल क्लब की ओर से दिव्यांश यादव, अभिमन्यु मेहता और रणवीर प्रधान ने एक-एक विकेट हासिल किया।

106 रन पर सिमटी रायवल क्लब की टीम
356 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायवल क्लब गुवा की टीम शाह स्पोर्ट्स के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 18 ओवर में 106 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। निकेत सिंह ने सर्वाधिक 55 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। रिशु तिवारी ने 13 और प्रिंस सिंह ने 10 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।
शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी की ओर से महेश सुलेंद्र दास ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 18 रन देकर चार विकेट चटकाए। हरविंदर सिंह और करण कुमार ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम की पारी समेटने में अहम भूमिका निभाई।
कल चाईबासा क्रिकेट क्लब और फ्रेंड्स कोल्ट्स के बीच मुकाबला
एसआर रूंगटा बी-डिविजन लीग में अगला मुकाबला चाईबासा क्रिकेट क्लब और फ्रेंड्स कोल्ट्स चाईबासा के बीच खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस मुकाबले पर रहेंगी।








