Adityapur (आदित्यपुर) : श्री श्री दुर्गा पूजा समिति भगवती संघ, रोड नंबर 31-32 रायडीह में इस वर्ष भी दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन पूरी आस्था और उत्साह के साथ किया जा रहा है।

समिति द्वारा वर्ष 2007 से निरंतर आयोजित किए जा रहे इस धार्मिक अनुष्ठान के अवसर पर नवनिर्मित पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जामताड़ा के पूर्व उपायुक्त (डीसी) गणेश कुमार ने फीता काटकर पंडाल का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर राजद नेत्री शारदा देवी, आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपेंद्र नाथ ओझा, एसके सवाई और रवि शंकर पासवान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में पहुंचे सभी गणमान्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत पूजा समिति के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओमप्रकाश ने किया। अध्यक्ष ओमप्रकाश ने संबोधित करते हुए कहा कि समिति 2007 से इस परंपरा को पूरी निष्ठा के साथ निभा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष भी पूजा पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, कतार प्रबंधन और आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से लेकर हर बारीक पहलू पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उद्घाटन समारोह के दौरान भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक और आमजन मौजूद रहे। मां दुर्गा के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच समूचा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। समिति के पदाधिकारियों ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराने का संकल्प दोहराया। दुर्गा पूजा आयोजन में मुख्य रूप से मनोज मिश्रा राजेंद्र प्रसाद, लंकेश सिंह, अशोक गुड्डू झा अमरेश कुमार निखिल सिंह अभिनव ललित आदि शामिल हुए।









One Response